छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य खेल अलंकरण प्रदान किए जाते हैं। वर्ष 2026 का राज्य खेल अलंकरण समारोह 29 अगस्त 2026, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किए। इन पुरस्कारों में शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान तथा मुख्यमंत्री ट्रॉफी शामिल हैं।
वर्ष 2025-26 के लिए शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार पाने वालों में विकास कुमार (आर्चरी), किरण पिस्दा (फुटबॉल), दीपांशी नेताम (फेंसिंग), सुजेय तंबोली और आयुष माखिजा (बैडमिंटन), संजू देवी (कबड्डी), रीमा राय (सॉफ्ट टेनिस), मिशा कुमारी (नेटबॉल) तथा लक्की यादव (पैरा एथलेटिक्स) शामिल रहे।
शहीद कौशल यादव पुरस्कार के लिए दिव्यांशु देवांगन (शूटिंग), विक्रम राज (आर्चरी), दिव्यांश अग्रवाल (बैडमिंटन), सोनिका राजवाड़े (एथलेटिक्स), स्वप्निल प्रधान (वुशू), भूमिका चौधरी व पूजा (नेटबॉल) तथा निखिल कुमार यादव (पैरा एथलेटिक्स) को सम्मानित किया गया। वहीं वीर हनुमान सिंह पुरस्कार अजय दीप सारंग को वेटलिफ्टिंग में प्रशिक्षक के रूप में दिया गया।
वर्ष 2025-26 के शहीद पंकज विक्रम सम्मान में वुशू, खो-खो, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, जूडो, बॉक्सिंग, जिम्नास्टिक, पैरा स्विमिंग, पैरा जूडो और हॉकी सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। शहीद विनोद चौबे सम्मान के लिए गंगेश्वर, ख्वाजा अहमद, एवन कुमार जैन, मो. अकरम खान और प्रदीप जोशी का चयन हुआ।
वर्ष 2025-26 की मुख्यमंत्री ट्रॉफी सीनियर महिला वर्ग की तीरंदाजी टीम और जूनियर बालिका वर्ग की सॉफ्ट टेनिस टीम को प्रदान की गई।
समारोह में राज्य खेल अलंकरण प्राप्त 126 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के अतिरिक्त 540 अन्य खिलाड़ियों को भी नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इस प्रकार कुल 666 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को ₹1 करोड़ 74 लाख 19 हजार की पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि दी गई।